छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाएं-डॉ. अरूणा पल्टा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 सितंबर। छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाएं है यहां के कई पर्यटन स्थल विश्व स्तरीय पर्यटन स्थलों के तुल्य है। हमें इन स्थलों का भ्रमण कर उनकी महत्ता का ज्ञान होना चाहिए। ये उद्गार हेमचंद यादव विवि, दुर्ग की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने आज व्यक्त किये।
डॉ. पल्टा हेमचंद यादव विवि, दुर्ग द्वारा जुलाई-अगस्त 2023 माह में आयोजित छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थल पर केन्द्रित एक माह के ऑनलाईन सर्टिफिकेट कोर्स के प्रमाण पत्र विवि के टैगोर हॉल में ऑफलाईन रूप से वितरित कर रही थीं। डॉ. पल्टा ने सर्टिफिकेट कोर्स की परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त करने पर सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।
यह जानकारी देते हुए सर्टिफिकेट कोर्स की समन्वयक एवं विवि की डीसीडीसी, डॉ. प्रीता लाल ने बताया कि इस कोर्स में 80 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक, गृहणी, भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारी तथा शासकीय कर्मचारी भी शामिल थे।
डॉ. लाल ने बताया कि लिखित परीक्षा, सामूहिक परिचर्चा एवं प्रोजेक्ट पर आधारित इस सर्टिफिकेट कोर्स की परीक्षा में डीएवी मॉडल कॉलेज, दुर्ग के सत्येन्द्र साहू ने 92 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम, स्वामी स्वरूपानंद महाविद्यालय, भिलाई के रितेश कुमार सोनवानी ने 91 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा पाणिगृही सिविल इंजीनयरिंग फाउंडेशन के अभिषेक पवार ने 89 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस सर्टिफिकेट कोर्स में 43 पुरूषों तथा 47 महिलाओं ने हिस्सा लिया।
दीप प्रज्जवलन के साथ आरंभ हुए प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित मिस ट्रांसक्विन इंडिया एवं छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की ब्रांड एंबेसेडर, कुमारी वीणा सेन्दरे ने अपने उद्बोधन में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों का महत्व बताते हुए प्रतिभागियों को सलाह दी कि छत्तीसगढ़ के पर्यटन उद्योग में अपनी रचनात्मक सहभागिता निभाये।
विवि के कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप ने अपने उद्बोधन में इस प्रकार के सर्टिफिकेट कोर्स को प्रतियोगी परीक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए लाभदायी बताया। सर्टिफिकेट कोर्स के प्रतिभागी भिलाई इस्पात संयंत्र के संजीव सिंह, खालसा कॉलेज की प्राचार्य, डॉ. सुनीता बोकाड़े, ट्रेवल मितान कंपनी बिलासपुर के दीपक पटेल तथा जीविका स्वसहायता समूह की अध्यक्ष, ललेश्वरी साहू ने अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए सहायक कुलसचिव, डॉ. सुमीत अग्रवाल ने बताया कि एक माह के इस सर्टिफिकेट कोर्स में कुल 09 ऑनलाईन व्याख्यान हुए इन व्यख्यान को देने वाले विषय-विषेषज्ञों में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की डॉ. शुभदा चतुर्वेदी, सहायक प्राध्यापक, जामुल बलराज ताम्रकार, कन्या महाविद्यालय, रायपुर की प्राध्यापक, डॉ. उषा किरण अग्रवाल, पुरातत्व विद् राहुल कुमार सिंह विवि के डीएसडब्लयू, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, समाजशास्त्र की सेवा निवृत्त सहायक प्राध्यापक, डॉ. सुचित्रा शर्मा, डीसीडीसी डॉ. प्रीता लाल, सहायक कुलसचिव, हिमांशु शेखर मंडावी तथा दिग्विजय कुमार शामिल थें। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन सहायक कुलसचिव, दिग्विजय कुमार ने किया।