‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 अगस्त। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर गोंडवाना समाज की मातृशक्ति के तत्वावधान में वार्ड 25 स्थित गायत्री मंदिर प्रांगण में समाज की परंपरा और संस्कारों के अनुरूप गरिमामय सुआरिन दाई सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, कर्मठ महिला शक्ति का सम्मान, बालिका शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना था। मुख्य अतिथि और सम्मान कार्यक्रम में मुख्य रूप से एआर. ध्रुव समाज प्रमुख, ममता आरमो अध्यक्ष महिला प्रभाग, राकेश ठाकुर समाजसेवी दुर्ग, प्राची ठाकुर डिप्टी कलेक्टर बालोद, डिकेंद्र नेताम एसडीओ. फॉरेस्ट, अनुसूईया ठाकुर अभियंता, जीआर. सोरी, लायनेस शालिनी सोनी अध्यक्ष लायंस क्लब भिलाई, लायनेस शोभा जामुलकर सचिव, लायनेस सुभ्रता नागपाल कोषाध्यक्ष, लायनेस उषा चक्रवर्ती, लायनेस रश्मि गैदाम, लायनेस मीना सिंह एवं नैना नेताम समाजसेविका सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
समाजसेवी राकेश ठाकुर ने कहा वर्तमान समय में समाज की वास्तविक समस्याओं को पहचानकर, ज़मीनी स्तर पर कार्यरत समाजसेवियों के सहयोग से सर्वांगीण उत्थान की दिशा में किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत प्रशंसनीय है। मुझे पूरा विश्वास है कि मातृशक्ति का यह प्रयास समाज के लिए मील का पत्थर साबित होगा।अभियंता अनुसूईया ठाकुर ने कहा, समाज की सुआरिन दाईयों (परंपरागत धात्री/दाइयों) का सम्मान करते हुए अत्यंत सुख की अनुभूति हो रही है। प्राकृतिक प्रसव में उनके अनुभव, ममता, कर्तव्यनिष्ठा और निस्वार्थ समर्पण की भावना पूरे समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। महिला प्रभाग अध्यक्ष ममता आरमो ने बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और नशा मुक्त समाज के लिए कार्य करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर व अन्य अतिथियों द्वारा सुआरिन दाईयों को पुष्पगुच्छ, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समाज सेवा में समर्पित मातृशक्ति कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भी भेंट किए गए। महिला सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छात्र-छात्राओं को पाठ्य-सामग्री एवं स्टेशनरी का वितरण किया गया। साथ ही लायंस क्लब भिलाई की अध्यक्ष शालिनी सोनी द्वारा आदिवासी मातृशक्तियों को स्वरोजगार से जोडऩे के लिए सिलाई मशीन प्रदान की गई।
कार्यक्रम का संचालन अनुसूईया ठाकुर ने किया। अंत में ममता आरमो ने उपस्थित सभी अतिथियों और समाजजनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अमृत ठाकुर, सुशीला नेताम, कृष्णा मंडावी, राधा मंडावी, अहिल्या नेताम, पुष्पा ध्रुव, श्याम ठाकुर, बीना ठाकुर, सुकृति नेताम, उषा मंडावी, शंखलाल उइके, मनोज नेताम, कमल किशोर नागवंशी, मोंटी ठाकुर, हरीश नेताम, चंदू ध्रुव, उत्तम ठाकुर, दिनेश ठाकुर, आकाश, राजेश्वरी सहित भारी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।