दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 11 अगस्त। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ खण्ड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया लंबित होने का विषय सामने आया है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के दुर्ग संभाग के कार्यकारी संभागाध्यक्ष एवं पद प्रकोष्ठ के मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह रामटेके ने जानकारी दी है।
विक्रम सिंह रामटेके के अनुसार, राज्य के 33 जिलों में डिप्टी एमईआईओ के पद रिक्त हैं और वर्तमान में इन पदों पर प्रभारी अधिकारी कार्यरत हैं। नियमानुसार खण्ड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारियों की पदोन्नति के माध्यम से जिला स्तर के इन रिक्त पदों को भरा जाना है।
संघ के प्रतिनिधि ने बताया कि पदोन्नति हेतु स्वास्थ्य सेवाएं निदेशालय, नया रायपुर द्वारा वर्ष 2022 में खण्ड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारियों की अंतिम वरिष्ठता सूची जारी की गई थी। हालांकि, उसके बाद से नई सूची जारी करने या पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का कार्य लंबित है।
कर्मचारी संघ का कहना है कि इस संबंध में स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक को ज्ञापन और पत्र सौंपकर पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण करने का अनुरोध किया गया है। संघ के अनुसार, प्रक्रिया में हो रहे विलंब के कारण कई अधिकारी पदोन्नति के बिना ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि समाधान नहीं होता है, तो वे वैधानिक विकल्प (न्यायालय) का सहारा लेने पर विचार कर रहे हैं।