‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर,7 जनवरी। परपा थाना क्षेत्र के ग्राम केशलूर में मंगलवार की देर रात एक व्यक्ति ने एक महिला के घर घुसकर उसकी हत्या कर दी थी। फरार आरोपी को पुलिस ने 20 घंटे के भीतर सुकमा से गिरफ्तार किया।
परपा थाना प्रभारी बीआर नाग ने बताया कि केशलूर के चर्च पारा निवासी सोनी (45) मंगलवार की रात अपने घर में अपनी बेटी के साथ सो रही थी। तभी करीब 11 बजे गांव में ही रहने वाला सोन सिंह यादव नामक व्यक्ति महिला के घर आ धमका। जिसके बाद सोन सिंह और सोनी के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया। आक्रोश में आकर सोन सिंह ने सोनी के सिर और चेहरे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले के बाद सोनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी सोन सिंह फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस अधीक्षक दीपक झा के दिशा निर्देश पर टीम का गठन कर तत्काल आरोपी की पतासाजी में जुट गई। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फ़ोन को ट्रेस करते हुए उसका लोकेशन का पता लगाया। लोकेशन मिलते ही पुलिस ने सुकमा के बस स्टैंड में दबिश देते हुए आरोपी को धर दबोचा।
बताया गया कि आरोपी हैदराबाद भागने की फिराक में था। लेकिन समय रहते पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।