बस्तर

जगदलपुर में हाईकोर्ट खंडपीठ की स्थापना की मांग
28-Apr-2026 10:35 PM
जगदलपुर में हाईकोर्ट खंडपीठ की स्थापना की मांग

कांग्रेस पार्षद दल ने पारित किया संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 28 अप्रैल। नगर पालिका निगम जगदलपुर में नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की खंडपीठ जगदलपुर में स्थापित करने की मांग को लेकर विशेष सामान्य सभा आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। इस संबंध में पार्षद दल ने सर्वसम्मति से संकल्प पारित कर राज्यपाल और मुख्यमंत्री को प्रेषित करने हेतु नगर निगम अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा।

राजेश चौधरी ने कहा कि बस्तर संभाग में उच्च न्यायालय की खंडपीठ स्थापित करने की मांग लंबे समय से की जा रही है। उनके अनुसार, वर्तमान में क्षेत्र के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और आर्थिक बोझ बढ़ता है।

उन्होंने बताया कि बस्तर जिला अधिवक्ता संघ और बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स भी इस मांग को लेकर पहल कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जगदलपुर में खंडपीठ स्थापित होती है, तो स्थानीय लोगों को न्याय तक पहुंच में सुविधा हो सकती है।

कांग्रेस पार्षद दल ने इस मांग को जनहित से जुड़ा बताते हुए सभी पार्षदों से इस पर सहमति बनाने का आग्रह किया है। साथ ही, भविष्य में इस मुद्दे पर होने वाले कार्यक्रमों और आंदोलनों में भागीदारी की बात भी कही गई है।

ज्ञापन में यह अनुरोध किया गया है कि नगर निगम की सामान्य सभा में इस विषय पर सर्वसम्मति से संकल्प पारित कर मांग को राज्यपाल और मुख्यमंत्री तक भेजा जाए। इस दौरान कई पार्षद और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट