बस्तर
कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 27 अप्रैल। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान की कस्टम मिलिंग और परिवहन से संबंधित मुद्दों को लेकर सोमवार को बस्तर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने का नेतृत्व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने किया। उन्होंने कहा कि विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की खरीदी की गई थी। उनके अनुसार, जिले में कस्टम मिलिंग से संबंधित लागू नीति स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप नहीं रही, जिसके कारण कुछ उपार्जन केंद्रों में धान का उठाव समय पर नहीं हो सका और धान संग्रहित रहा।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि राज्य विपणन संघ के माध्यम से अन्य जिलों के राइस मिलर्स को धान मिलिंग के लिए जारी डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) के बावजूद निर्धारित मात्रा में उठाव नहीं किया जा रहा है। साथ ही, कुछ मामलों में डीओ के उपयोग और परिवहन प्रक्रिया को लेकर अनियमितताओं की बात कही गई है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने जीपीएस व्यवस्था, धान परिवहन, ओवरलोडिंग तथा स्टॉक प्रबंधन से जुड़े पहलुओं की जांच की मांग की है।
कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि डीओ की जांच, धान स्टॉक का भौतिक सत्यापन, परिवहन व्यवस्था की समीक्षा तथा कथित अनियमितताओं में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही, धान के भंडारण के दौरान हुए संभावित नुकसान की भरपाई का भी मुद्दा उठाया गया है।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी उमाशंकर शुक्ला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, प्रशांत जैन, निकेत राज झा, अभिषेक नायडू, जाहिद हुसैन, अल्ताफ उल्ला खान, विजेंद्र ठाकुर, नीतीश शर्मा, सलीम अली सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


