श्याम भोजवानी व अनिल लकड़ा 6 साल के लिए निष्काषित
अध्यक्ष पद में पहले ही हो चुकी है हार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 12 मार्च। घरघोड़ा नगर पंचायत में अध्यक्ष चुनाव हारने के बाद बहुमत का आंकड़ा रखने के बावजूद भाजपा को अपने ही पार्टी के पार्षदों के क्रास वोटिंग के चलते उपाध्यक्ष पद भी गंवाना पड़ गया। प्रदेश भाजपा ने भीतरघाती दो पार्षदों को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा को यहां झटका निर्दलीय प्रत्याशी कांग्रेस से बागी होकर लडऩे वाले सुरेंद्र सिल्लू चौधरी ने दिया। वहीं पार्षदों की बहुमत संख्या नगर पंचायत में भाजपा के पास थी, यह संख्या उपाध्यक्ष बनने के लिए काफी था, परंतु बीजेपी के भीतर रहकर भीतरघाती करने वाले पार्षदों के चलते भाजपा को यहां हार का सामना करना पड़ा और क्रॉस वोटिंग के चलते अल्पमत वाली कांग्रेस को बहुमत मिल गया और उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी की ताजपोशी हो गई।
भाजपा ने अनुशासनहिनता मानते हुए लिया संज्ञान
जिस पर पार्षद द्वय श्याम भोजवानी तथा अनिल लकड़ा दोनों के नगर पंचायत उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा अधिकृत प्रत्याशी के विरूद्ध मतदान किये जाने पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। यह अनुशासन भंग करने की परिधि में आता है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव ने पार्टी विरोधी कार्य करने में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। उक्त आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।