रायपुर

सभापति की दौड़ में राठौर और वर्मा...
16-Feb-2025 4:46 PM
सभापति की दौड़ में राठौर और वर्मा...

  एमआईसी कई पूर्व पार्षद पत्नियों के लिए लगाएंगे जोर   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 फरवरी। 
निगम की नव निर्वाचित सामान्य सभा का पहला सम्मिलन अगले  सप्ताह आहूत किए जाने की तैयारी की जा रही है। इसमें नए पार्षदों की शपथ होगी। और उसके बाद महापौर मीनल संगठन के नेताओं से चर्चा कर एमआईसी का गठन करेंगी।

इस सभा में महापौर के बाद दूसरे नंबर के पद सभापति के साथ एमआईसी सदस्यों के नामों को लेकर भी हलचल बढ़ गई है। जिला संगठन सूत्रों के मुताबिक सभापति के लिए दो वरिष्ठ पार्षदों के नाम सबसे उपर हैं।इनमें,मनोज वर्मा सूर्यकांत राठौर हैं। 4 बार के पार्षद वर्मा अभी उप नेता  विपक्ष रहे हैं। वहीं राठौर पांचवी बार जीतकर आएं हैं। फैसला इन्हीं दोनों में ही होगा। किसी एक के असफल होने पर दूसरे को उप महापौर भी बनाया जा सकता है। हालांकि मेयर चौबे इसका विरोध कर सकती हैं।

इसी तरह से एमआईसी और जोन अध्यक्ष के लिए कोई खींचतान की अधिक जरूरत नहीं होगी। दूसरी बार की पार्षद सरिता आकाश दुबे का नाम तय माना जा रहा है।और  अधिकांश पार्षद पहली बार चुनकर आए हैं।इनमें से ही नाम छांटने होंगे। 11 सदस्यों के साथ  एमआईसी का गठन होता है। कहा जा रहा है कि सुनील चंद्राकर, प्रमोद साहू,रोहित साहू और पूर्व शहर अध्यक्ष अशोक पांडे अपनी अपनी पत्नियों को लिए जोर लगा रहे हैं। वहीं एजाज ढेबर को हराने वाले अमर गिदवानी भी एमआईसी के लिए सिंधी समाज के जरिए जोर लगा सकते हैं ।इसके बाद बचे पार्षदों को जोन अध्यक्ष के रूप में भी अवसर मिलेगा । राजधानी में 10 जोन हैं। इनमें से एक विपक्ष के पार्षद को भी दिया जा सकता है। जैसा कांग्रेस ने प्रमोद साहू को बनाया था। दूसरी ओर सामान्य सभा के कोरम के मुताबिक विपक्षी पार्षदों की संख्या पर्याप्त न होने से नेता प्रतिपक्ष बनाना भाजपा की इच्छा पर निर्भर करेगा। लेकिन दलीय राजनीति से उप उठकर काम करने का संदेश देने मेयर चौबे नियुक्ति की पहल कर सकती हैं। इसमें भी वह अपने अनुकूल विपक्षी पार्षद का चयन करवाएंगी। यह सब कुछ अगले सप्ताह और स्पष्ट होगा।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news