‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 10 फरवरी। गणमान्य जनों के साथ बैठकर हम कभी जहाँ चाय पिया करते थे, आज उस जगह को मयकसी और एक्टॉर्शन का अड्डा बना दिया गया है। निकाय को जो लोग अपनी आजीविका का माध्यम बनाते हो, युवा पीढ़ी को नशे के दलदल में ढकेल रहे हो क्या आप ऐसे लोगों के हाथों में कुरुद का निजाम सौंपना चाहेंगे। विधायक के इस सवाल पर भीड़ में थोड़ी देर के लिए सन्नाटा पसर गया। यह नजारा कुरुद में भाजपा के अंतिम चुनावी सभा में दिखाई दिया।
रविवार दोपहर 3 बजे पुराना बाजार में नगरीय निकाय चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी ने आम सभा का आयोजन किया था। जिसमें अपने विधायक को सुनने पहुंची भारी भीड़ से खुद को जोड़ते हुए पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने सीधा सवाल किया कि हम कुरुद को विकास की राह पर सरपट दौड़ता देखना चाहते हैं। जनादेश पाकर हमने दो दशक में नगर की दशा और दिशा बदली, जिसके साक्षी आप सब हैं। हम आज भी शिक्षा और कौशल उन्नयन संस्थान को यहाँ बसाकर नई पीढ़ी को काबिल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। स्वास्थ्य के लिए सौ बिस्तर अस्पताल, एम्स की युनिट खुलवा रहे हैं, युवाओं के लिए रोजगार मिले इसके लिए क्षेत्र में औधोगिक विकास की बुनियाद मजबूत की जा रही है।
विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि नगर में भाजपा की तीसरी सरकार बनाने से यहाँ ट्रिपल इंजन की ताकत होगी फिर कुरुद के सारे सपने पूरे होंगे। इसके पूर्व अध्यक्ष पद की भाजपा प्रत्याशी ज्योति चंद्रकार ने बड़े ही आक्रमक अंदाज में अपने प्रतिद्वंद्वी को आयना दिखाते हुए कहा कि कांग्रेसियों ने कुरूद को पांच साल पीछे ढकेल दिया।
अध्यक्ष पद के गौरव मान-सम्मान को सब खत्म कर दिया। जनादेश पाकर सबसे पहले अवैध शराब, गोली-गांजा की बिक्री पर लगाम लगा नगर को संवारने का काम किया जाएगा। सभा को पूर्व नपं अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, रविकांत चंद्राकर ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर अनिल चन्द्राकर, सुरेश अग्रवाल, कृष्णकांत साहू भानु चंद्राकर, मालकराम साहू, भूपेंद्र चंद्राकर, अनुराग चंद्राकर, शेखर चंद्राकर, भोजराज चंद्राकर, भूपेन्द्र सिन्हा, प्रसन्न नायडू, कमल शर्मा, बादल चंद्राकर आदि मौजूद थे।