धमतरी

देवी मंदिरों में जगमगा रहे आस्था के जोत
27-Sep-2022 3:03 PM
देवी मंदिरों में जगमगा रहे आस्था के जोत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 27 सितंबर।
  शहर में नवरात्र महोत्सव का आरंभ हो गया। सोमवार को सुबह से देर-रात तक विशेष मंत्रोच्चार के बीच देवी मंदिरों और सार्वजनिक पंडालों में प्रतिमा स्थापना कर मनोकामना के लिए आस्था के ज्योत जलाए गए। पर्व के उपलक्ष्य में जगह-जगह गरबा का भी आयोजन शुरू हो गया।

नगर की आराध्य देवी मां विंध्यवासिनी मंदिर में इस साल 2225 मनोकामना ज्योत जलाए गए हैं। इसके अलावा मां अंगार मोती मंदिर गंगरेल में 3908 ज्योत, मां शीतला माता मंदिर दानीटोला, मां दंतेश्वरी मंदिर रिसाई पारा, मां रिसाई माता मंदिर रामसागर पारा, मां बम्बलेश्वरी मंदिर बम्लईपारा, मां कालिका मंदिर नयापारा, सोरिद और बस स्टैंड, मां दुर्गा माता मंदिर पावर हाउस में सैंकड़ों श्रद्धालुओं की ओर से मनोकामना ज्योत प्रज्वलित किया गया है, जहां श्रद्धालुओं का दर्शन-पूजन के लिए पहुंचना शुरू हो गया है। मराठापारा स्थित मां मंदर माईं मंदिर में महा पंचमी के दिन ज्योत प्रज्ज्वलन होगा। इसके अलावा शहर में इस साल जगह-जगह सार्वजनिक रूप से पंडाल सजाकर दुर्गा स्थापना की गई है। पंचमी 30 सितंबर को मनाया जाएगा। अष्टमी पूजा 3 अक्टूबर को एवं अष्टमी हवन 4 अक्टूबर को होगा।


अन्य पोस्ट