रायपुर

भारत माता की भव्य ‘महाआरती’ में जुटे हजारों
14-Aug-2022 8:00 PM
भारत माता की भव्य ‘महाआरती’ में जुटे हजारों

मूणत के नेतृत्व में निकली विशाल मोटर साइकिल रैली 

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल , साय हुए शामिल 

रायपुर, 14 अगस्त। आजादी के अमृत महोत्सव और स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को गुढियारी स्थित भारत माता चौक पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। भारत माता की 51 पंडितों ने वैदिक मंत्रोचार और दीप, धूप, कपूर के साथ संगीत की धुन पर भव्य आरती उतारी। 

कार्यक्रम का आयोजन पूर्व मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय विशेष रूप से शामिल हुए। भारत माता की आरती में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया। पूरा कार्यक्रम स्थल भारत माता की जयघोष से गुंजायमान रहा। महाआरती के बाद छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक और गायिकाओं द्वारा देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इसमें रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडलों के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढकर हिस्सा लिया। 
     
मोटरसाइकिल रैली में दिखा देशभक्ति का जज्बा 
भारत माता की महाआरती के पहले राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान से दोपहर 2 बजे विशाल मोटर साइकिल रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने किया। रैली में करीब 4000 मोटर साइकिल चालकहाथों में तिरंगा और भगवा पगड़ी (साफा)पहनकर शहर भ्रमण के लिए निकले। मोटरसाइकिल रैली का जगह-जगह स्वागत हुआ। रैली के दौरान श्री मूणत ने लोगों का अभिवादन किया। साइंस कॉलेज मैदान से प्रारंभ हुई रैली चार घंटे में गुढियारी स्थित भारत माता चौक पहुंची। जहां से बाईक सवार तिरंगा लेकर निकले, लोगों ने मोबाइल में कैद किया। खासकर युवा वर्ग में आयोजन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।  रामनगर नया सवेरा स्कूल के  बच्चे भी रैली में शामिल हुए।


अन्य पोस्ट