बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 12 जुलाई। शहर के एक प्राइवेट क्लीनिक में कंपाउंडर ने फांसी पर लटक कर जान दे दी। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों से पूछताछ करने पर प्रेम प्रसंग का मामला होने की आशंका जताई गई है।
गौरव पथ पर बाबजी पार्क में आई स्पेशलिस्ट डॉ राहुल वर्मा का क्लीनिक है। मंगलवार की दोपहर यहां कंपाउंडर का काम करने वाला, समीप के स्वर्ण जयंती नगर का 19 वर्षीय विशाल गरुड़ लंच के अवकाश के बाद क्लीनिक वापस लौटा। उसने कुछ देर यहां काम भी किया। डॉक्टर के जाने के बाद शाम के समय जब स्टाफ वापस लौटने के लिए क्लीनिक बंद करने लगे तो पाया कि वरुण दिखाई नहीं दे रहा है। इस बीच एक कमरे का दरवाजा भीतर से बंद मिला। स्टाफ के लोगों ने आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उन्होंने डॉक्टर को खबर की। उन्होंने खिड़की से झांक कर देखा तो भीतर विशाल फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। रात हो जाने के कारण परिजनों की मौजूदगी में कमरा सील कर दिया गया। आज सुबह शव को नीचे उतारा गया। युवक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने बताया कि दोपहर में वह घर जरूर आया था लेकिन खाना नहीं खाया। उसका एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने युवक के मोबाइल फोन को अपने कब्जे में लिया है। मामले की जांच की जा रही है।


