बिलासपुर
कांग्रेस से जुड़ा एक मुख्य आरोपी फरार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 9 अक्टूबर। दुर्गा विसर्जन के दौरान सड़क पर उत्पात मचाकर बलवा करने वाले 2 नाबालिगों सहित 17 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों का जुलूस निकालकर पुलिस कोर्ट तक ले गई। नाबालिग किशोर न्यायालय में पेश किए गए। ड्यूटी पाइंट पर पुलिस की गैर मौजूदगी पर नाराजगी जताते हुए एसएसपी ने सिटी एसपी से जवाब मांगा है। एक पक्ष का मुख्य आरोपी कांग्रेस से जुड़ा नवीन तिवारी फरार है।
शुक्रवार को दुर्गा विसर्जन के दौरान झांकी को आगे बढ़ाने के नाम पर दो गुट शनिचरी रपटा के पास भिड़ गए थे। लगभग दो दर्जन लोगों ने एक दूसरे से मारपीट, पत्थरबाजी की और एक दूसरे की झांकी में तोड़फोड़ मचाई। राहगीर यह देखकर दहशत में आ गए। उत्पात का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की नींद खुली और उसने शिव दुर्गोत्सव समिति कुदुदंड और मां आदर्श दुर्गोत्सव समिति चांटीडीह के जुलूस में शामिल 12 लोगों को पकड़कर थाने ले आई। बाद में पांच और आरोपी पकड़े गए। तीन नाबालिगों को छोड़कर सभी की उम्र 20 से 30 साल के बीच है। इनमें एक नवीन तिवारी फरार है जो कांग्रेस से जुड़ा है। उसके खिलाफ पहले भी गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज है।
इस बीच दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान निष्क्रियता को लेकर पुलिस निशाने में आ गई है। सोशल मीडिया पर भी आलोचना हो रही है। एसएसपी पारुल माथुर ने घटना के समय किसी भी पुलिस जवान के ड्यूटी पर मौजूद नहीं होने को लेकर नाराजगी जताते हुए सीएसपी स्नेहिल साहू को नोटिस देकर जवाब मांगा है।
इधर गिरफ्तार आरोपियों को मुख्य मार्ग गोलबाजार, सदरबाजार, नेहरू चौक होते हुए पुलिस कोर्ट ले गई। सभी आरोपियों को रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। किशोर अपचारी बालकों को किशोर न्यायालय में पेश किया गया है।


