बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 7 अक्टूबर। दुर्गा विसर्जन के दौरान झांकी को आगे लेकर जाने के नाम पर दो गुटों में आज सुबह मारपीट हो गई। दोनों गुटों में जमकर पत्थरबाजी भी हुई। पुलिस में दोनों पक्षों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गुरुवार की शाम से दुर्गा प्रतिमाओं को विसर्जित करने का क्रम आज सुबह तक चल रहा था। पचरी घाट में शनिचरी बाजार और कुदुदंड की झांकियों को पचरी घाट ले जा रहे युवकों के बीच सुबह करीब 6 बजे जमकर मारपीट और पथराव हुआ। जानकारी मिली कि दोनों एक दूसरे से पहले विसर्जन अपनी झांकी आगे बढ़ाना चाहते थे। दुर्गा विसर्जन के दौरान पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है लेकिन उस समय मौके पर एक भी जवान नजर नहीं आया। इधर घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें लोग एक दूसरे को खदेड़ते और झांकियों पर पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों पक्षों के लोगों को बुलवाया। दोनों ही ओर से एक दूसरे पर आरोप लगाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब 10 लोगों के खिलाफ मारपीट का अपराध दर्ज किया है।


