बिलासपुर

दूसरे दिन श्रमिक संगठनों की हड़ताल का आंशिक असर रहा एसईसीएल में
29-Mar-2022 8:41 PM
दूसरे दिन श्रमिक संगठनों की हड़ताल का आंशिक असर रहा एसईसीएल में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 29 मार्च।
केंद्र सरकार की श्रमिक नीतियों और विभिन्न मांगों को लेकर की गई ट्रेड यूनियन हड़ताल का एसईसीएल के खदानों में भी असर है। हड़ताल के दूसरे दिन एसईसीएल ने उत्पादन सामान्य होने का दावा किया है।

एसईसीएल की ओर से बताया गया है कि कंपनी की 18 ओपन कास्ट माइंस में से 15 में सामान्य रूप से उत्पादन का काम चल रहा था। वही तीन खदानों में आंशिक असर पड़ा। 40 भूमिगत खदानों में से 34 या तो पूरी तरह काम कर रही थी या उन पर आंशिक असर रहा। 12 भूमिगत खदानों में भी असर देखा गया लेकिन कुल मिलाकर आज उत्पादन सामान्य रहा। यही नहीं बल्कि जनरल पाली और पहली पारी में यह उपस्थिति की यह संख्या दो लाख के पार पहुंच गई जो औसत दिनों में 1.82 लाख रहती है।

ज्ञात हो केंद्र सरकार की श्रमिक नीतियों के खिलाफ सीटू समर्थित बैंक, बीमा, डाकघर व अन्य केंद्रीय संस्थानों में कार्यरत मजदूरों और कर्मचारियों के संगठनों ने 2 दिन की हड़ताल की घोषणा की थी। इसका असर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, एसईसीएल में भी देखा गया। कर्मचारी संगठनों के मुताबिक 70 प्रतिशत श्रमिकों ने आंदोलन में भाग लिया। एसईसीएल की 13 कोयला खदानों में से 5 में हड़ताल 90 प्रतिशत सफल रही। इस हड़ताल का भारतीय मजदूर संघ समर्थन नहीं कर रहा है। उसका कहना है कि यह हड़ताल एनएफआईटीयू ने निजी स्वार्थ के लिए किया। कोयला श्रमिक संगठनों का इस हड़ताल से कोई संबंध नहीं है।


अन्य पोस्ट