बिलासपुर

व्यापारी से लूट की कोशिश, अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, दिल्ली का आरोपी गिरफ्तार
31-Dec-2025 1:01 PM
व्यापारी से लूट की कोशिश, अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, दिल्ली का आरोपी गिरफ्तार

चोरी की बाइक से देते थे वारदात को अंजाम, पिस्टल सहित एक आरोपी अभी फरार

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 31 दिसंबर। शहर में दिनदहाड़े हथियार के बल पर व्यापारी से लूट की कोशिश की गई, शोरगुल करने पर बाइक सवार अपराधी भाग निकले। करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच कर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले भी गंभीर अपराध में तिहाड़ जेल जा चुका है।

जबड़ापारा निवासी लखन उर्फ नीति देवांगन 19 दिसंबर की सुबह करीब 7:15 बजे एक्टिवा पर थे। वे कंपनी गार्डन के पास स्थित अपनी समोसे की दुकान जा रहे थे। आनंद डेयरी के पास तीन युवकों ने बाइक से रास्ता रोक लिया। पीछे बैठे युवक ने गले से सोने की चेन खींचने की कोशिश की और पिस्टल दिखाकर धमकी दी।
पीड़ित के विरोध और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की रिपोर्ट पर थाना सरकंडा में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

दिनदहाड़े हुई वारदात को चुनौती मानते हुए रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू, साइबर सेल और थाना सरकंडा की संयुक्त टीम बनाई गई। घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों से पता चला कि आरोपी होंडा शाइन बाइक पर थे।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन अनूपपुर रेलवे स्टेशन तक ट्रेस हुई। वहां दबिश देकर दिल्ली निवासी गगनदीप बंसल (42) को पकड़ा गया।

पूछताछ में गगनदीप बंसल ने कबूल किया कि वह पहले तिहाड़ जेल में हत्या के मामले में सजा काट चुका है। जेल में उसकी पहचान विजय लांबा से हुई। रिहाई के बाद उसने विजय लांबा, आमिर और शकील के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई।
आरोपी ने बताया कि वारदात के लिए उसने तखतपुर से होंडा शाइन और अंबिकापुर से टीवीएस स्पोर्ट्स चोरी की थी। दोनों मोटरसाइकिलें बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर ली गई हैं।

पुलिस के अनुसार वारदात में इस्तेमाल पिस्टल फिलहाल फरार आरोपी विजय लांबा के पास है। विजय लांबा, आमिर और शकील की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।  


अन्य पोस्ट