बेमेतरा

लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप
26-Nov-2026 7:28 PM
 लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप

तीवरैया में कांग्रेस की जन चौपाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 26 नवंबर। ग्राम तीवरैया में मंडल कांग्रेस कमेटी राका-कठिया द्वारा ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत मंडल स्तरीय जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा के नेतृत्व में आयोजित हुआ।कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आब्जर्वर शरद आहिरे, पूर्व मंत्री एवं प्रदेश समन्वयक मोहम्मद अकबर तथा बेमेतरा जिला प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सुनील माहेश्वरी की उपस्थिति रही।

जन चौपाल को संबोधित करते हुए आईसीसी आब्जर्वर  शरद आहिरे ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाता के अधिकारों की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर निर्भर करती है। आज देशभर में मतदाता सूची, वोटों की सुरक्षा एवं निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी इन सवालों को जनता के बीच लेकर जा रही है और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चला रही है।

पूर्व मंत्री एवं प्रदेश समन्वयक मोहम्मद अकबर ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता किसी भी लोकतंत्र की आधारशिला होती है। जब निर्वाचन आयोग जैसे संवैधानिक संस्थानों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं, तो उन सवालों का जवाब निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ दिया जाना चाहिए।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन यदि मतदाता के अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हों, तो उन सवालों को उठाना प्रत्येक लोकतांत्रिक नागरिक और राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है। भाजपा सरकार लोकतंत्र की मूल भावना को कमजोर करने वाले मुद्दों पर जवाबदेही से बच नहीं सकती। कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सडक़ से लेकर सदन तक संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अभियान के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए लोकतंत्र, संविधान, मताधिकार और निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। जन चौपाल में क्षेत्रवासियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस एवं मंडल कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारीगण, वरिष्ठ कांग्रेसजन, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रांजल तिवारी, महावीर साहू, कविलाश साहू, लक्ष्मण साहू, सेवक निषाद, रिंकू बंजारे, राजेश साहू, रूपलाल निषाद, बाबूराम साहू, योगिता साहू, नंदकुमार बंजारे, सत्यनारायण साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट