बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 23 नवंबर। भाजपा नेता और धर्म स्तंभ कौंसिल छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. सौरव निर्वाणी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से एक वर्ष पूर्व सोने की खरीदारी सीमित रखने की अपील का समर्थन करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है। इस संबंध में उन्होंने संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह से मुलाकात कर अपने विचार साझा किए।
डॉ. निर्वाणी ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के पीछे देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने और सोने के आयात पर निर्भरता घटाने का उद्देश्य था। उनके अनुसार, इस तरह के आर्थिक विषयों में नागरिकों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि भारतीय परिवारों, विशेषकर महिलाओं के लिए सोना केवल आभूषण नहीं, बल्कि पारिवारिक परंपरा, भावनाओं और बचत से जुड़ा विषय है। सोने की कीमतों में लगातार वृद्धि के कारण मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आभूषण खरीदना कठिन हो रहा था। हाल के दिनों में कीमतों में आई गिरावट से ऐसे परिवारों को अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार सोना खरीदने की उम्मीद मिली है।
डॉ. निर्वाणी ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील नागरिकों को देश की आर्थिक स्थिति और आयात पर निर्भरता जैसे विषयों के प्रति जागरूक करने का प्रयास थी। उन्होंने इसे राष्ट्रहित से जुड़े आर्थिक विषयों में जनभागीदारी का संदेश बताया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य आर्थिक मजबूती के साथ आम परिवारों की आकांक्षाओं और जरूरतों को ध्यान में रखकर ही पूरा किया जा सकता है।