बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 26 नवंबर। स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में बेतहाशा बढ़ोतरी से नाराज नवागांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने नवागढ़ स्थित विद्युत कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों के मुताबिक करीब 50 घरों का बिजली बिल 2500 से 1500 तक आ रहा है, जबकि उन घरों में न तो मोटर पंप लगाए हैं और न ही एसी या फ्रीज का उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने घरेलू मीटर दोबारा लगाने और मनमाने बिजली बिलों पर रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले सामान्य भी लाता था, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई परिवारों का बिल कई गुना बढ़ गया है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सामने भुगतान का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने नवगढ़ एसडीएम और विद्युत विभाग के सीनियर इंजीनियर को लिखित शिकायत सौंपकर समस्या के निराकरण की मांग की है।
दो कमरों के मकान का बिल 15 हजार
नवागाँव निवासी हेमू रजक ने बताया कि वे दो कमरों के मकान में रहते हैं। पिछले महीने उनका बिजली बिल 5 हजार रुपये आया था, जिसका उन्होंने भुगतान भी कर दिया। इसके बावजूद, इस महीने उसका बिल बढक़र 15,200 रूपये पहुंच गया। इसी तरह बाबूलाल वर्मा कबीर पिछले महीने करीब 4 हजार रुपए था जो इस महीने बढक़र 10 हजार रुपये हो गया।
मीटर रीडिंग लेने कोई नहीं आता
ग्रामीणों के मुताबिक बिजली बिलों की रीडिंग लेने, कर्मचारी गांव नहीं पहुंचते और बिलों को गांव की एक दुकान में छोड़ दिया जाता है, जहां से दुकानदार उन्हें उपभोक्ताओं तक पहुंचाता है। शिकायत के लिए बिजली कार्यालय पहुंचने पर जिम्मेदार अधिकारियों के उपलब्ध नहीं रहने की बात कही गई।
भुगतान के बाद भी बढ़ता है बिल
गोविंद रजक के मुताबिक पिछले महीने उनका बिजली बिल 5 हजार रूपये आया था, जबकि इस महीने बढक़र 8 आठ हजार रुपये हो गया। वहीं गोवर्धन को पिछले महीने 5 हजार रुपए का बिल मिला था, जिसका भुगतान करने के बाद इस महीने 2500 रूपये का बिल लाया है।