बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 22 नवंबर। दूसरे राज्य से बस के जरिए बेमेतरा पहुंचे 9 और 11 वर्ष के दो बच्चों को पुलिस ने बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सुपुर्द किया है। दोनों बच्चों को फिलहाल समिति के संरक्षण में रखा गया है। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। बच्चों के बयानों के आधार पर उन्हें बस में बैठाने और रास्ते में उनके साथ हुई घटनाओं की जांच की जा रही है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे लखनऊ में एक कपड़े की दुकान में काम करते थे। बच्चों ने सीडब्ल्यूसी को बताया कि दुकान बंद होने के बाद बस से जुड़े एक व्यक्ति ने उन्हें चॉकलेट देने की बात कहकर अपने पास बुलाया और बस में बैठा लिया। बच्चों के रोने पर उन्हें चुप रहने के लिए धमकाया गया।
बच्चों के अनुसार, रास्ते में एक व्यक्ति दो बच्चों के साथ बस से उतरा और उन्हें एक फैक्ट्री ले गया। वहां उनके साथ मारपीट किए जाने की बात भी बच्चों ने बताई। इसके बाद वे वहां से निकलकर दूसरी बस में सवार हो गए।
बच्चों ने बस में पांच से छह अन्य बच्चों के मौजूद होने की जानकारी भी दी है। इस संबंध में बस और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। बाल कल्याण समिति द्वारा बच्चों की काउंसलिंग की जाएगी। इसके बाद उनके बयानों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
बाथरूम जाने का बहाना बनाकर बस से उतरे
जानकारी के अनुसार, बेमेतरा पहुंचने पर एक बच्चे ने बाथरूम जाने की बात कही। इसके बाद दोनों बस से उतर गए। दोनों शहर में रहने वाले एक रिश्तेदार के घर पहुंचे। वहां से डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम बच्चों को थाने लेकर पहुंची और प्रारंभिक पूछताछ के बाद उन्हें बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया।
प्रभारी चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) राजेन्द्र चन्द्रवंशी ने बताया कि दूसरे राज्य से बस के जरिए आए दो बच्चों को संरक्षण में लिया गया है। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।