बेमेतरा

स्कूल से लौट रही छात्रा से छेड़छाड़
22-Nov-2026 8:59 PM
स्कूल से लौट रही छात्रा से छेड़छाड़

चाकू दिखाकर रोकने का आरोप, पुलिस कर रही पूछताछ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 22 नवंबर। थान खम्हरिया थाना क्षेत्र में दसवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा ने रास्ते में रोककर छेड़छाड़ करने और चोटी काटने की शिकायत की है। घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे की बताई गई है। छात्रा के परिजनों ने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, छात्रा स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने चाकू और कैंची दिखाकर उसके साथ छेड़छाड़ की और उसकी चोटी काट दी। विरोध करने पर छात्रा को धक्का देकर गिराने की बात भी शिकायत में कही गई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजन और ग्रामीण थान खमरिया थाने पहुंचे। छात्रा के पिता ने पुलिस को आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

पूर्व घटनाओं को लेकर भी ग्रामीणों ने उठाए सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में छात्राओं को रास्ते में परेशान किए जाने की यह तीसरी घटना है। उनका आरोप है कि पूर्व में भी इस संबंध में शिकायतें की गई थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने पुलिस से इन शिकायतों की जांच करने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, आसपास के गांवों से करीब 30 से 35 बच्चे मिडिल और हाई स्कूल में पढऩे जाते हैं। घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता है। एक ग्रामीण ने दावा किया कि घटना के बाद पिछले दो दिनों से कुछ बच्चों ने स्कूल जाना बंद कर दिया है।

शिकायत मिली है, जांच जारी - एसडीओपी

अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भूषण एक्का ने बताया कि थान खमरिया क्षेत्र में एक नाबालिग की चोटी काटने और छेड़छाड़ की शिकायत मिली है। छात्रा अपने माता-पिता के साथ थाने में मौजूद है। पुलिस उनसे घटना के संबंध में जानकारी ले रही है।

एसडीओपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा पीछे से आकर छेड़छाड़ करने और चोटी काटने की जानकारी सामने आई है। मामले के तथ्यों की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट