बेमेतरा
बेमेतरा, 24 नवंबर। बेमौसम बारिश के कारण धान की फसल प्रभावित हो रही है। नमी के कारण खेत में सोई धान की बालियों में अंकुरण होने लगा है। इससे किसानों को धान की कटाई, मिंजाई और परिवहन में परेशानी हो रही है। खेत से खलिहान और फिर खरीदी केंद्र तक धान पहुंचाना भी प्रभावित हुआ है।
ग्राम बसनी के किसान आशीष मिश्रा ने खेत में सोई धान की बालियों में अंकुरण की तस्वीर साझा करते हुए अपनी परेशानी बताई। उनका कहना है कि बारिश के कारण खेत से धान को खलिहान तक ले जाना मुश्किल हो रहा है। खेतों में नमी होने के कारण कटाई और मिंजाई का काम भी प्रभावित है। किसान के मुताबिक, खेतों को सूखने में अभी करीब एक सप्ताह लग सकता है। इसके बाद ही धान को खेत से निकालकर खलिहान तक पहुंचाने का काम शुरू हो पाएगा। बारिश के कारण फसल की कटाई से लेकर खरीदी केंद्र तक धान पहुंचाने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
अवैध महुआ शराब, आरोपी को 1 साल कैद
रायगढ़, 24 नवंबर। अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध छाल पुलिस द्वारा की गई प्रभावी कार्रवाई में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। ग्राम बेहरामार में 530 लीटर अवैध हाथ भ_ी महुआ शराब की जब्ती के मामले में घरघोड़ा न्यायालय ने आरोपी जयपाल राठिया (40) को दोषी ठहराते हुए 1 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 25 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी घरघोड़ा मिनी ठाकुर के न्यायालय ने 17 नवंबर को यह फैसला सुनाया। अर्थदंड की राशि अदा नहीं करने पर आरोपी को तीन माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। जानकारी के अनुसार, 23 मार्च को मुखबिर से मिली सूचना पर छाल पुलिस ने ग्राम बेहरामार में दबिश दी थी। इस दौरान आरोपी जयपाल राठिया पिता कोलसिंह राठिया, (40), निवासी ग्राम बेहरामार के कब्जे से एक सिंटेक्स टंकी, 8 जरीकेन एवं 10 बोतलों में भरी कुल 530 लीटर हाथ भ_ी निर्मित महुआ शराब जब्त की गई थी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। प्रकरण में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी भी 5 मई को की गई थी।
विवेचना के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध 7 मई को न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया। शासन की ओर से एडीपीओ सत्यप्रकाश महिलाने ने पैरवी की। अभियोजन पक्ष द्वारा 10 साक्षियों के बयान कराए गए तथा 34 महत्वपूर्ण आर्टिकल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
न्यायालय ने मौखिक एवं दस्तावेजी साक्ष्यों के समग्र मूल्यांकन के बाद आरोपी जयपाल राठिया के कब्जे से 530 लीटर अवैध हाथ भ_ी महुआ शराब की बरामदगी तथा बिना वैध अनुज्ञा पत्र के उसे अपने कब्जे में रखने का अपराध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रमाणित पाया। इसके आधार पर आरोपी को एक वर्ष के सश्रम कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई।