बेमेतरा

बेमौसम बारिश ने धान की कटी फसल को पहुंचाया नुकसान
22-Nov-2026 8:58 PM
बेमौसम बारिश ने धान की कटी फसल को पहुंचाया नुकसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 22 नवंबर। बेमौसम बारिश के कारण खेतों में कटी और रखी धान की फसल प्रभावित हुई है। कई स्थानों पर खेतों में पानी भरने से धान की कटाई, सुखाई और मिंजाई का काम प्रभावित हो रहा है। इस बीच ग्राम मजगांव में राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर फसल का निरीक्षण किया, जबकि ग्राम गोढ़ी कला के किसानों ने तीन सप्ताह पहले सूचना देने के बाद भी निरीक्षण नहीं होने की शिकायत की है।

मजगांव में अधिकारियों ने किया निरीक्षण

छिरहा के पास स्थित ग्राम मजगांव में बारिश से खेतों में रखी धान की फसल भीगने की सूचना पर राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारी पहुंचे। निरीक्षण के दौरान आरआई खरे, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी बमलेश्वर सिंह, सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष राजाराम सिंह, सरपंच वीरेंद्र चंद्रवंशी सहित ग्रामीण उपस्थित थे।

अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर बारिश से भीगी धान की फसल का जायजा लिया। किसानों ने बताया कि कटाई के बाद खेतों में रखी फसल बारिश में भीग गई है। इससे नुकसान होने की आशंका है। अधिकारियों ने फसल की स्थिति देखी और नुकसान का आकलन किया। किसानों ने नियमानुसार मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

गोढ़ी कला के किसानों ने सर्वे नहीं होने की शिकायत की

ग्राम गोढ़ी कला के किसानों का कहना है कि तीन सप्ताह पहले हुई बारिश के बाद उन्होंने टोल फ्री नंबर पर खेतों में पानी भरने और फसल प्रभावित होने की सूचना दी थी, लेकिन अब तक कोई निरीक्षण करने नहीं पहुंचा है।

शनिवार को किसानों ने खेतों में भरे पानी की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि बारिश के कारण धान की कटाई, सुखाई और मिंजाई का काम प्रभावित हो रहा है। किसानों ने संबंधित अधिकारियों से खेतों में पहुंचकर फसल की स्थिति देखने और नुकसान का आकलन करने की मांग की है।

किसानों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन देने के बजाय मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन और राहत की व्यवस्था करनी चाहिए।


अन्य पोस्ट