बेमेतरा
सवा 2 लाख का सामान जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 24 नवंबर। बेमेतरा और दुर्ग जिले में चेन स्नेचिंग और चोरी की घटनाओं के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इनमें एक आरोपी झपटमारी और चोरी में शामिल था, जबकि दूसरा चोरी के सोने के जेवर खरीदने के आरोप में पकड़ा गया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के जेवर और मोटरसाइकिल सहित करीब 2 लाख 36 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को ग्राम मलपुरी खुर्द निवासी गंगूराम यादव अपनी पत्नी और सास को बाइक पर बैठाकर ग्राम सोढ़ से बेरला होते हुए घर लौट रहे थे। उनके पीछे दूसरी बाइक पर उनके रिश्तेदार भी आ रहे थे। दोपहर करीब 3.15 बजे बेरला-रायपुर मार्ग पर दुधनंगा नाला के पास सफेद गमछा बांधे बाइक सवार एक युवक ने पीछे बैठी महिला के गले से सोने का हार झपट लिया और फरार हो गया।
इस मामले में गंगूराम यादव ने 16 नवंबर को थाना बेरला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, तकनीकी जांच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम माटरा में सोने के जेवर बेचने की कोशिश कर रहे प्रणत पाल साहू माटरा, थाना नंदनी, जिला दुर्ग को हिरासत में लिया गया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने बेरला के अलावा धमधा क्षेत्र के ग्राम देवरी और धौराभाठा में झपटमारी एवं चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई। उसने चोरी के जेवर जेवरा सिरसा और नंदिनी खुंदनी के एक ज्वेलरी व्यवसायी को बेचने की जानकारी भी दी।
पुलिस ने इस मामले में हेमंत साहू जेवरा सिरसा को भी गिरफ्तार किया है। उस पर चोरी के जेवर खरीदने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है।
पुलिस के अनुसार, प्रणत पाल साहू के कब्जे से सोने के लॉकेट, मंगलसूत्र का टुकड़ा, सोने के दाने और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त सामान की कीमत करीब 1 लाख 66 हजार रुपये बताई गई है।
वहीं हेमंत साहू के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत का टूटा हुआ सोने का नेकलेस जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों से कुल 2 लाख 36 हजार रुपये का सामान जब्त किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 3(5) भी जोड़ी गई हैं। प्रणत पाल साहू को 22 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। दूसरे आरोपी के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध बेरला और धमधा क्षेत्र में कुल पांच मामले दर्ज हैं।