बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 19 नवंबर। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में मुख्यमंत्री निवास, नया रायपुर में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में बेमेतरा के वरिष्ठ मीसाबंदी एवं लोकतंत्र सेनानी संघ के जिला अध्यक्ष हृदय नारायण निर्वाणी को सपरिवार आमंत्रित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निर्वाणी परिवार से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और सभी के साथ बैठकर भोजन किया।
लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रद्धेय सच्चिदानंद उपासने की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में प्रदेशभर के लोकतंत्र सेनानी परिवार शामिल हुए। मुख्यमंत्री साय ने सभी परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनके अनुभव सुने और उनके प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त की।
इस अवसर पर मीसाबंदी हृदय नारायण निर्वाणी के साथ उनकी पुत्रवधू एवं भाजपा जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी तथा पुत्र डॉ.सौरव निर्वाणी भी मौजूद रहे।
लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान गौरव की बात - हृदय नारायण
हृदय नारायण निर्वाणी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिवारों को मुख्यमंत्री निवास में आमंत्रित कर जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ दीपावली मनाई गई, वह अविस्मरणीय है,लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष देश के लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है,उनके परिवारों को सम्मान देना उनके त्याग और योगदान को सम्मानित करना है।
उन्होंने मुख्यमंत्री साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन लोकतंत्र सेनानी परिवारों का मनोबल बढ़ाते।