बेमेतरा

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 4 मौतें, 2 गंभीर
12-Nov-2026 4:11 PM
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 4 मौतें, 2 गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 12 नवंबर।
ग्राम बनिया के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई  भिड़ंत में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक ही परिवार के 3 सदस्य शामिल हैं। हादसे में दो पुरुषों, एक महिला और बारह वर्षीय बालिका की जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
एक ही परिवार के तीन
सदस्यों की मौत
 एक मोटर मोटरसाइकिल पर ग्राम बनराका निवासी एक ही परिवार के सदस्य सवार थे। इनमें भूपेन्द्र कश्यप, उनकी पुत्री ऋतु काश्यप और पुत्र पंकज कश्यप शामिल थे। दुर्घटना में तीनों की मौके पर मौत हो गई,  वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार ग्राम नवघरा निवासी भावेश सिंह, पिता खेम सिंह ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। इस तरह दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई है।
साजा के विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके वर्मा ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही रणवीरपुर चौकी प्रभारी सत्यप्रकाश उपाध्याय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना में घायल नवघरा निवासी तोभान भैंसवी (18) और भानु प्रताप सिंह (17) को तत्काल खमरिया अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों युवकों के चेहरे, माथे, नाक और दाहिने हाथ की कलाई पर गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल में उनका उपचार जारी है। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। दोनों मोटरसाइकिलों की आमने सामने भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई इसकी जांच की जा रही है। इस हादसे ने पूरे इलाके में झकझोर कर रख दिया है।


अन्य पोस्ट