बेमेतरा

बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
16-Oct-2026 7:07 PM
बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 16 अक्टूबर। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा के मार्गदर्शन तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मिथलेश वर्मा के नेतृत्व में ग्राम लोलेसरा (गांगपुर) में विद्युत सब स्टेशन का घेराव कर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपभोक्ताओं की समस्याओं को उठाया।

कांग्रेस ने ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों की सहूलियत के लिए प्रतिदिन कम से कम 18 घंटे अनवरत बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। नेताओं ने आरोप लगाया कि अनियमित विद्युत आपूर्ति से खेती-किसानी, पेयजल व्यवस्था और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने विभागीय लापरवाही को दूर कर शिकायतों के त्वरित निराकरण की मांग की। पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने कहा कि यदि बिजली उपभोक्ताओं को जल्द राहत नहीं दी गई, तो कांग्रेस सडक़ से सदन तक अपना आंदोलन और तेज करेगी।

प्रदर्शन के दौरान शशिप्रभा गायकवाड़, शिव वर्मा, अनिल दुबे, राजा वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट