बेमेतरा

रोज-रोज के झगड़े से तंग पत्नी ने की पति की हत्या
06-Jun-2026 2:57 PM
रोज-रोज के झगड़े से तंग पत्नी ने की पति की हत्या

संदेह होने पर पुलिस ने पूछताछ  की तो कबूला जुर्म
‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
बेमेतरा, 6 जून।
ग्राम करमतरा में हुए सनसनी के अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस में चंद घंटे में ही सुलझा ली। मृतक हरिश्चंद्र कोठारी की हत्या किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी कैलाशी बाई कोठारी ने की थी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायाधीश रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।

करमतरा गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति का शव घर की छत पर संदिग्ध हालत में मिला। प्रारंभिक रूप से मामला अज्ञात हत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मृतक की पत्नी ही इस हत्या की आरोपी निकली। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमेरिका दास कोठारी करमतरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका बड़ा पुत्र हरीचंद कोठारी रायपुर में कार्यरत था। 05 जून की रात लगभग 2 बजे बहू कैलाशी बाई ने फोन कर बताया कि हरीचंद छत पर अचेत अवस्था में पड़ा है।

परिजन जब छत पर पहुंचे तो हरीचंद कोठारी मृत अवस्था में मिला। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। गर्दन पर चोट के निशान, सिर के पीछे किसी ठोस वस्तु से वार के संकेत तथा खून सूखने के निशान पाए गए। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही पत्नी कैलाशी बाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद और मारपीट चल रही थी। इससे तंग आकर आरोपी पत्नी ने रात्रि में सोते समय पति का गला दबाया और लोहे के मुसर से सिर व गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का मुसर सहित अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। आरोपी कैलाशी बाई को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
 


अन्य पोस्ट