बेमेतरा

सीएमओ दफ्तर में रखी शराब की बोतल, वीडियो फैला, नोटिस
27-May-2026 3:24 PM
सीएमओ दफ्तर में रखी शराब की बोतल, वीडियो फैला, नोटिस

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बेमेतरा, 27 मई।  
नगर पंचायत दाढ़ी के सीएमओ से वायरल वीडियो के आधार पर एसडीएम बेमेतरा ने नोटिस जारी कर चौबीस घंटे में जवाब मांगा है।
नोटिस में लिखा है कि सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में आप कार्यालय में अपने पास शराब की बोतल रखकर आपत्तिजनक स्थिति बैठे हुए पाए गए हैं। कार्यालय में आपका नेम प्लेट स्पष्ट रूप से दर्शित हो रहा है। उक्त प्रकरण जनहित एवं प्रशासनिक पारदर्शिता से जुड़ा है। प्रचलित विडियो के संबंध में 24 घंटे में जवाब प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
वायरल वीडियो की पुष्टि 'छत्तीसगढ़Ó नहीं करता है।
मैंने जवाब दे दिया -सीएमओ
 वीडियो में तकिया के नीचे एक बोतल रखते दिखने के बाद जारी नोटिस के संबंध में पूछे गए सवालों के जवाब में सीएमओ आरके ध्रुव ने बताया कि दाढ़ी में वे नगर पंचायत में ही रात रुकते हैं। कार्यालय से लगा हुआ है। ऑफिस अवधि में वे कभी ऐसा नहीं हुआ है। रात को सोने के समय जो वीडियो बनाकर वायरल किया गया है, इससे मानसिक पीड़ा हुई है। एसडीएम कार्यालय से मिले नोटिस का जवाब दे दिया गया है। सीएमओ ने कहा कि आवास के अभाव में एक किनारे पर खाना पकाने एवं सोने की व्यवस्था मेरे द्वारा किया गया है।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम)प्रकाश भारद्वाज ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर सीएमओ को नोटिस जारी किया गया है।
जांच रिपोर्ट उच्च कार्यालय को प्रेषित
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगई ने कहा कि दाढ़ी तहसीलदार व टीम द्वारा मौके पर जांच की गई। कार्यरत स्टाफ का बयान लिया गया। सीएमओ दाढ़ी ने भी अपना पक्ष रखा है। जांच में नगर पंचायत दाढ़ी के सीएमओ की गलती पाई गई है। जांच की रिपोर्ट उच्च कार्यालय को भेज दी गई है।
 


अन्य पोस्ट