बेमेतरा

भक्त मां कर्मा जयंती महोत्सव में शामिल हुईं जिपंअध्यक्ष
12-Apr-2026 10:16 PM
भक्त मां कर्मा जयंती महोत्सव में शामिल हुईं जिपंअध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 12 अप्रैल।
ग्राम जामगांव में आयोजित भक्त माँ कर्मा जयंती महोत्सव श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और माँ कर्मा को नमन करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम का आयोजन साहू समाज की ग्रामीण इकाई एवं ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं, युवा और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक समरसता का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान लोककथा पंडवानी गायिका दुर्गा साहू ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने पारंपरिक लोकसंस्कृति की झलक पेश की और माहौल को भक्ति एवं उत्साह से भर दिया।
अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि माँ कर्मा का जीवन परिश्रम, सेवा, त्याग और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि माँ कर्मा के जीवन से यह सीख मिलती है कि सच्ची भक्ति ईमानदारी, सेवा और कर्मनिष्ठा में निहित होती है। कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और विश्वास के साथ कार्य करते रहना ही उनके जीवन का संदेश है।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजन केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज को एकजुट करने, संस्कारों को सहेजने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोडऩे का माध्यम बनते हैं। समाज में एकता, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने में इन आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों ने माँ कर्मा के आदर्शों को अपनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया। आयोजन में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और सामूहिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला। इस अवसर पर समाज के कई पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट