बेमेतरा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बेमेतरा, 24 मार्च । चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने बेमेतरा स्थित माँ भद्रकाली मंदिर, शीतला माता मंदिर एवं महामाया माता मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा समस्त जिलेवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की इस दौरान उन्होंने माता रानी के दरबार में श्रद्धापूर्वक मत्था टेकते हुए क्षेत्र में शांति, समृद्धि, अच्छी फसल, किसानों की उन्नति, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव की प्रार्थना की। नवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर माता रानी के जयकारों के साथ भक्ति में लीन नजर आए। अपने विचार व्यक्त करते हुए योगेश तिवारी ने कहा कि नवरात्रि का पावन पर्व हमारी आस्था, श्रद्धा और शक्ति का प्रतीक है। माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना हमें जीवन में संघर्षों का सामना करने की शक्ति, धैर्य और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है। यह पर्व हमें यह संदेश देता है कि सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलकर ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे पवित्र अवसर हमें अपनी सनातन संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। नवरात्रि आत्मचिंतन, आत्मशुद्धि और आंतरिक शक्ति को जागृत करने का समय होता है। इस दौरान व्यक्ति न केवल पूजा-अर्चना करता है, बल्कि अपने जीवन में अच्छे विचारों और संस्कारों को अपनाने का संकल्प भी लेता है। योगेश तिवारी ने कहा कि उन्होंने माता रानी के चरणों में नमन कर बेमेतरा जिले की सुख-समृद्धि, किसानों की उन्नति, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य तथा क्षेत्र में शांति और समरसता बनी रहने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति हमारी संस्कृति का आधार है और नवरात्रि उसी शक्ति के सम्मान और आराधना का पर्व है। मंदिर दर्शन के दौरान उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से भेंट कर उन्हें नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं तथा सभी से अपने जीवन में धार्मिक एवं सामाजिक मूल्यों को अपनाने की अपील की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी उपस्थिति रही और हर ओर भक्ति, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, युवा एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया शामिल हुए अजय मिश्रा,पीयूष शर्मा,मनोज सिन्हा ,प्रियांशु सिंह,यशवत टंडन,सनत सिन्हा,पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।


