बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 20 फरवरी। बेमेतरा जिले में विद्युत विभाग द्वारा विभिन्न गांवों में किसानों के खेतों में लगे बोरवेल कनेक्शन काटे जाने के बाद किसानों ने जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा से मुलाकात की।
किसानों के अनुसार, उन्होंने अपनी समस्या पूर्व विधायक के समक्ष रखी। इसके बाद आशीष छाबड़ा ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दो दिवस के भीतर कनेक्शन बहाल नहीं होने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी।
किसानों का कहना है कि इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा संबंधित मामलों की समीक्षा की गई और बोरवेल विद्युत कनेक्शन पुन: जोड़ दिए गए। बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बेरला विकासखंड के ग्राम देवरी, बीजाभाट, अमोरा, बावनलाख, सरदा, अतरगढ़ी, जौग और आंदू से आए किसानों ने इस पर पूर्व विधायक और जिला कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया।
किसानों ने कहा कि उनकी समस्या के समाधान में पहल की गई, जिसके बाद कनेक्शन बहाल हुए। इस अवसर पर पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने कहा कि वे क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को उठाते रहेंगे। उन्होंने जिला कलेक्टर द्वारा की गई कार्रवाई के लिए भी धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत जेवरी के सरपंच प्रकाश साहू सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।इस संबंध में विद्युत विभाग या जिला प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान उपलब्ध नहीं हो सका है।


