बेमेतरा
केन्द्रीय विद्यालय बावा मोहतरा में एक अलग तरह का मनाया जन्मदिन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 2 जनवरी। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी का जन्मदिन था ,पर यहाँ न पार्टी थी, न गुब्बारे बल्कि यहाँ एक पौधा लगाया गया। नेतृत्व कर रही थीं भाजपा जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी। उनके साथ थीं स्कूल की बच्चियाँ, शिक्षिकाएँ और ग्रामीण महिलाएं।
बच्चियों ने मिट्टी दबाई, पानी डाला और कहा,यह पेड़ हमारा है, हम इसे बड़ा करेंगे,यह हमारे धरती माता का श्रृंगार है,महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने बड़ी प्रेरक बातें उपस्थित छात्र छात्राओं के बीच साझा करते हुए कहा कि जन्मदिन सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक सुंदर अवसर भी है।
उन्होंने ‘हर जन्मदिन ,एक वृक्ष’ अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का आह्वान किया उन्होंने समझाया कि पेड़ पृथ्वी की धडक़न हैं। आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ पर्यावरण देने की जिम्मेदारी हमारी है।
अपने प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के जन्मदिवस को चिरस्थाई बनाने आई मोर्चा के महिलाओं के लिए केक की जगह मिट्टी थी मोमबत्तियों की जगह धूप और इस जन्मदिन का नाम रखा गया संकल्प दिवस।
इस दौरान केंद्रीय विद्यालय बावा मोहतरा के शिक्षकगण छात्र छात्राएं और खड़सरा मंडल की अध्यक्ष उमा पाटिल सहित उपस्थित महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।


