बेमेतरा

रायशुमारी आधारित नेतृत्व, पंचायत स्तर तक विस्तार,महिला मोर्चा में बदलाव की शुरुआत-प्रज्ञा
30-Dec-2025 4:33 PM
 रायशुमारी आधारित नेतृत्व, पंचायत स्तर तक विस्तार,महिला मोर्चा में बदलाव की शुरुआत-प्रज्ञा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 30 दिसंबर। भाजपा महिला मोर्चा, जिला की नव नियुक्त जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी महिलाओं और कार्यकर्ताओं से मिलने साजा पहुंची वहाँ उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकारिणी में अब उन्हीं ऊर्जावान और सक्रिय कार्यकर्ता महिलाओं को स्थान दिया जाएगा, जो संगठन के लिए समय निकालकर निरंतर कार्य कर सकें और पार्टी के कार्यक्रमों में अग्रणी भूमिका निभाएँ।

उन्होंने ने बताया कि महिला मोर्चा के मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति हेतु प्रत्येक मंडल में शीघ्र ही महिला प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी। ये प्रभारी मंडल स्तर पर बैठक लेकर, कार्यकर्ता महिलाओं से रायशुमारी के आधार पर पैनल तैयार करेंगी, ताकि योग्यता-आधारित व संगठननिष्ठ नेतृत्व उभरकर सामने आए। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा के सभी मंडलों में संगठनात्मक प्रक्रिया को तेज गति से आगे बढ़ाया गया है और मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति प्रक्रिया जनवरी माह में पूर्ण कर ली जाएगी।

पहली बार जिले में महिला मोर्चा की संरचना को ग्राम पंचायत स्तर तक विस्तार दिया जाएगा, ताकि प्रत्येक गांव, वार्ड और पंचायत में संगठन की सशक्त उपस्थिति सुनिश्चित हो सके,उन्होंने स्पष्ट किया कि, कार्यकारिणी में सभी समाजों, वर्गों और समुदायों की महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

साजा में महिला समूह की अध्यक्ष अंजलि चांडक ,सचिव वर्षा शर्मा ,सीता साहू,शांति साहू ,मोहनी निषाद,कमलेश्वरी निषाद,पूजा शर्मा,विरन बाई सावित्री शर्मा ने आत्मीय स्वागत कर जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी का महिलाओं ने आरती की थाली सजाकर पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत एवं सम्मान किया, साथ ही शॉल एवं प्रतीकात्मक भेंट प्रदान की। समूह की सचिव वर्षा शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि महिला मोर्चा, प्रज्ञा निर्वाणी के नेतृत्व में संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं जन-सरोकारों से जुड़ा हुआ स्वरूप लेगा।

महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रज्ञा ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिला मोर्चा को संगठन की रीढ़ और सामाजिक परिवर्तन की अग्रिम शक्ति के रूप में विकसित करना ही उनका संकल्प है,भाजपा में जिले की सबसे मजबूत मोर्चा ही लक्ष्य हैं।


अन्य पोस्ट