बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 29 दिसंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नवागढ़ आगमन के दौरान जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम लावातरा में निर्मित पानी टंकी का लोकार्पण किया गया। इस कार्य को लेकर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा गुणवत्ता और जल आपूर्ति को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2021 में प्रारंभ हुए जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी टंकी से गांव के कुछ हिस्सों, विशेषकर झाझा मार्ग के घरों तक जल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराई गई तस्वीरों में टंकी की दीवारों में दरार दिखाई देने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार हाल ही में पानी टंकी की दीवारों का रंग-रोगन कराया गया है। वहीं 28 दिसंबर को पीएचई विभाग द्वारा सरपंच से कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र प्राप्त किया गया।
इस संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अमृत जल मिशन के तहत अब तक शत-प्रतिशत घरों में जल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उनके अनुसार यह कार्य लगभग पांच वर्ष पुराना है और यदि आवश्यकता पड़ी तो राज्य सरकार को पत्र लिखकर जांच की मांग की जाएगी।
इस मामले में कार्यदायी विभाग के ईई जल संसाधन विभाग जगदीश प्रसाद ने कहा कि ग्राम लावातरा के कार्य का लोकार्पण किया गया है और यदि किसी प्रकार की समस्या पाई जाती है तो उसमें सुधार किया जाएगा।



