बेमेतरा
किसानों ने कहा लिमिट बढ़ाए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 27 दिसंबर। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने ग्राम जेवरा एवं ग्राम कठिया स्थित धान खरीदी केंद्रों का सघन निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की। निरीक्षण का उद्देश्य किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना तथा खरीदी प्रक्रिया को पूर्णत: पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाना रहा। कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में पहुंचकर किसानों द्वारा लाए गए धान की गुणवत्ता, तुलाई प्रक्रिया, बारदाना उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था एवं उठाव की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं मॉइस्चर मशीन से धान का मॉइस्चर स्तर जांचते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल नियमानुसार गुणवत्ता वाले धान की ही खरीदी की जाए, ताकि बाद में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बारदाना की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बारदाना व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी धान खरीदी केंद्र में बारदाना की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बारदाना की उपलब्धता की प्रतिदिन समीक्षा की जाए तथा आवश्यकतानुसार समय रहते अतिरिक्त बारदाना की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि तुलाई और खरीदी प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो सके और किसानों को प्रतीक्षा न करनी पड़े।
तुलाई प्रक्रिया में तेजी और पारदर्शिता पर जोर
कलेक्टर ममगाईं ने तुलाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि तुलाई कार्य निर्धारित समय में पूर्ण हो तथा किसानों के सामने ही पारदर्शी तरीके से तुलाई की जाए। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों की नियमित जांच, तुलाई पर्ची की सही प्रविष्टि तथा किसानों को तत्काल पावती प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि तुलाई के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उठाव और भंडारण व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी केंद्रों से धान का समय पर उठाव सुनिश्चित किया जाए, जिससे केंद्रों में स्थान की कमी न हो। उन्होंने भंडारण व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रखने तथा बारिश या नमी से धान की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश भी दिए।
किसानों से संवाद कर जानी वास्तविक स्थिति
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में उपस्थित किसानों से प्रत्यक्ष संवाद कर टोकन वितरण, तुलाई की गति, बारदाना की उपलब्धता, भुगतान प्रक्रिया एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है तथा प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं से वे संतुष्ट हैं।
किसानों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने केंद्र परिसर में किसानों के लिए पीने का पानी, छाया, बैठने की व्यवस्था, शौचालय एवं साफ-सफाई की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने समिति प्रबंधकों को निर्देश दिए कि इन सभी सुविधाओं को हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
जिले में धान खरीदी पर सतत निगरानी
कलेक्टर ने बताया कि जिले में धान खरीदी सीजन प्रारंभ होने के बाद से प्रशासन द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। टोकन प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया गया है, तुलाई के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं तथा मार्कफेड एवं खाद्य विभाग द्वारा केंद्रवार धान उठाव की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है, जिससे खरीदी प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो सके। कलेक्टर का यह निरीक्षण जिले में धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर पिंकी मनहर भी मौजूद रहीं।


