बस्तर

महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर महिला मोर्चा का धरना आज, राज्यपाल के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन
19-Feb-2021 9:05 PM
 महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर महिला मोर्चा का धरना आज, राज्यपाल के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 19 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला बस्तर द्वारा शनिवार को संजय मार्केट चौक में दोपहर 12  से शाम 4 बजे तक महिलाओं के साथ हो रहे अपराध, अत्याचार एवं बलात्कार के खिलाफ एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। धरना के बाद महिला मोर्चा कार्यकर्ता व पार्टी के वरिष्ठ नेता रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंच कर बस्तर कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौपेंगे।

महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री दीप्ति पाण्डे व जिलाध्यक्ष रामकुमारी यादव ने जारी विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार सत्ता में आयी है, आदिवासियों समेत समाज के हर वर्ग के खिलाफ संगीन अपराध की घटनाओं में बेतहासा वृद्धि हुई है।

विभिन्न वर्गों की महिलाओं के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य मामलों की चिंताजनक वृद्धि पर कांग्रेस सरकार न केवल पूरी तरह खामोश है, बल्कि प्रदेश के केबिनेट मंत्री तक इसे छोटा अपराध कहने से नहीं हिचकते। एैसा ही एक मामला जशपुर जिले में सामने आया है। इसके साथ ही कुछ दिन पहले बस्तर संभाग के केशकाल में भी एैसी दर्दनाक घटना हुई है।

दीप्ति पाण्डे ने बताया कि यदि महिलाओं पर हो रहे अत्याचार व शोषण कम नहीं होते है तो सडक़ से सदन तक हल्ला बोल के तहत दूसरी कड़ी में विधानसभा का घेराव भी महिला मोर्चा करेंगी। शनिवार को आयोजित इस धरना प्रदर्शन में महिला मोर्चा के अलावा पार्टी के दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।


अन्य पोस्ट