बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 19 नवम्बर। नगर निगम जगदलपुर की सामान्य सभा में विपक्षी पार्षदों को जनहित से जुड़े मुद्दे उठाने का अवसर नहीं दिए जाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने महापौर संजय पांडे, स्पीकर खेम सिंह देवांगन और निगम आयुक्त की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सामान्य सभा को लोकतांत्रिक चर्चा का मंच बनाने के बजाय महापौर और स्पीकर अपनी मनमानी का माध्यम बना रहे हैं। बहुमत के बल पर विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है और शहर की मूलभूत समस्याओं पर चर्चा से बचा जा रहा है।
राजेश चौधरी ने कहा कि सामान्य सभा शहर की जनता की समस्याओं को उठाने और उनके समाधान के लिए जवाबदेही तय करने का महत्वपूर्ण मंच है, लेकिन आज सदन में विपक्षी पार्षदों के सवालों को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आपत्तियों और सुझावों को दरकिनार करते हुए कई प्रस्ताव बहुमत के आधार पर पारित कर दिए गए। विपक्ष ने निगम के आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए पुन: निविदा प्रक्रिया अपनाने की मांग की थी, ताकि बेहतर दरें प्राप्त हो सकें, लेकिन इस मांग को स्वीकार नहीं किया गया।
उन्होंने नगर निगम में पारदर्शिता की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पिछले तीन सामान्य सभाओं की कार्यवाही के मिनट्स अब तक पार्षदों को उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इसके अलावा महापौर परिषद की बैठकों में लिए गए निर्णयों की प्रतियां भी सदस्यों तक नहीं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर निगम प्रशासन महत्वपूर्ण जानकारियां पार्षदों से क्यों छिपा रहा है?
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि विपक्षी पार्षद आज सदन में शहर की कई गंभीर समस्याओं को उठाने की तैयारी के साथ पहुंचे थे। इनमें वार्डों की बंद स्ट्रीट लाइट, बिजली व्यवस्था, बारिश में जलभराव, नालियों और पुलियों की समस्या, पेयजल आपूर्ति में अव्यवस्था, राशन कार्ड, वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं।
इसके अलावा अधूरे विकास कार्य छोडऩे वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई, आंगनबाड़ी केंद्रों की बदहाल स्थिति, सामुदायिक भवनों के लिए स्वीकृत राशि का दूसरे वार्डों में उपयोग, क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, दलपत सागर के संरक्षण और बाढ़ प्रभावित परिवारों की समस्याओं पर भी चर्चा होनी थी। विपक्ष का आरोप है कि इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर सदन में चर्चा का अवसर ही नहीं दिया गया।
राजेश चौधरी ने विशेष रूप से महिला पार्षद जया नाग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि स्पीकर ने उनके प्रश्न के बाद अगला प्रश्न लेने का आश्वासन दिया था, लेकिन सत्ता पक्ष से संबंधित विषय समाप्त होते ही महापौर के इशारे पर राष्ट्रगान के साथ सामान्य सभा समाप्त कर दी गई। इससे महिला पार्षद को अपनी बात रखने का अवसर तक नहीं मिला। उन्होंने इसे महिला जनप्रतिनिधियों के अधिकारों और सम्मान का अपमान बताया।
उन्होंने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीडि़त मरीजों को तत्काल राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं नहीं मिलने पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि जरूरतमंद परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए भटक रहे हैं, जबकि सरकार और नगर निगम बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल साबित हो रहे हैं।
राजेश चौधरी ने आरोप लगाया कि महापौर, स्पीकर और निगम आयुक्त की कार्यप्रणाली के चलते नगर निगम में पारदर्शिता और जवाबदेही प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता के मुद्दों को दबाने की इस प्रवृत्ति को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा।
अंत में नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि यदि विपक्षी पार्षदों को सदन में अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया और जनहित के मुद्दों पर चर्चा से बचने का सिलसिला जारी रहा, तो कांग्रेस पार्षद दल जल्द ही सडक़ पर उतरकर आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि सदन में जनता की आवाज दबाई जा सकती है, लेकिन जनता के बीच इस लड़ाई को और मजबूती से उठाया जाएगा। शहर के विकास, नागरिकों के अधिकारों, पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए कांग्रेस पार्षद दल संघर्ष जारी रखेगा।