बस्तर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 1 फरवरी। बस्तर अधिकार मुक्तिमोर्चा के संभागीय संयोजक नवनीत चांद व शहर ईकाई संयोजक शोभा गंगोत्री के संयुक्त नेतृत्व में जगदलपुर नगर निगम के ज्वलंत मुद्दों की मांगों को लेकर नगरपालिका निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंप, मांगों के निराकरण की अपील की गई।
शहर के ज्वलंत व जनहित मुद्दों पर नगरनिगम आयुक्त का ध्यान आकर्षण करते हुए नवनीत चांद ने कहा कि, नगर निगम का यह चौथा कार्यकाल प्रारंंभ है। शहर की जनता के द्वारा दोनों ही राष्ट्रीय पार्टियों को निगम की सत्ता की चाबी समय समय पर उनके द्वारा किये गए घोषणा पत्र के आधार पर सौंपने के बाद भी, आज तक नगरीय निकाय की किसी भी सरकार ने शहर की वास्तविक समस्याओं के निराकरण व मांगों पर क्रियावयन की पहल नहीं किया।
शहर संयोजक शोभा गंगोत्रे व जिला संयोजक भरत कश्यप ने कहा कि शहर के अंदर तीन मुख्य बाजार स्थापित है। शहर के जनसंख्या की बढ़ोतरी के साथ ही बाजार के सडक़ों पर यातायात तीव्र गति से बढ़ रहा है। जनता के लिए पार्किंग व शौचालय की व्यवस्था निगम सरकार द्वारा अब तक ना किये जाने से, व्यापारीयों को व्यापार में नुक्सान के साथ-साथ जनता को समस्याओं व यातायात विभाग द्वारा कार्रवाई का सामना रोज करना पड़ रहा है। वहीं छोटे व्यापारियों व सब्जी व्यापारियों को अस्थाई बाजार शुल्क लेकर व्यवस्तित करने की मांग भी लगातार उठ रही है। निगम प्रशासन द्वारा उन पर कार्रवाई करने की बजाय,उन्हें स्थापित करने की तरफ कदम बढ़ाए।
वर्षाकाल में बिना सुनियोजित योजनाओं के निर्माण कार्य की वजह से शहर में जलभराव की स्थिति हर वर्ष उत्पन्न होती है। जिसकी वजह से शहर के जनता को अनेकों समस्याओं का सामना करना पड़ता है। निगम प्रशासन से अपील है कि लोक निर्माण विभाग के साथ, संयुक्त रूप से तकनीकि टीम बना जलभराव समस्या जनता को निजात दिलाये।
बस्तर अधिकार मुक्तिमोर्चा द्वारा निगम आयुक्त को ज्ञापन देते हुए समय सीमा पर निराकरण की मांग रख यह कहा गया है कि शहर हित पर निगम प्रशासन द्वारा कदम ना उठाए जाने पर मुक्ति मोर्चा द्वारा निगम सरकार वादा निभाओ अभियान प्रारंभ किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में कांकेर जिला संयोजक रोशन सचदेवा, शहर महासचिव सुनिता दास, कोषाध्यक्ष अंकिता गुरूदत्वा, उपाध्यक्ष एकता रानी कौर, शैलेंद्र वर्मा, शनी राजपूत, मीना कौर, नुपुर, जयंती विश्वकर्मा, महेश दास,निलाम्बर भद्रे, दिनमनी, सनमती विश्वकर्मा, कनक, तामेश्वरी साहू, संतोष, आशीष, विकास मांझी आदि उपस्थित थे।