बस्तर
डीईओ से शिकायत, जांच और हटाने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 27 नवंबर। बस्तर जिले के ग्राम कुरंदी स्थित मिडिल स्कूल के संबंध में ग्रामीणों, पालकों और पंचायत प्रतिनिधियों ने जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी है।
शिकायत में संबंधित शिक्षिका पर बच्चों को डराने-धमकाने, एक अन्य शिक्षक के खिलाफ बयान देने के लिए प्रभावित करने, बच्चों के वीडियो बनाने, मध्यान्ह भोजन के राशन में अनियमितता और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार करने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के अनुसार, 14 नवंबर को विद्यालय में हुई बैठक का उद्देश्य मध्यान्ह भोजन के चावल और दाल में अनियमितता की जांच करना था, जिसमें रसोइया के विरुद्ध शिकायत सामने आई थी। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शिक्षिका स्कूल के मेस से चावल ले गईं। राशन की मात्रा, स्टॉक रजिस्टर और वितरण रिकॉर्ड की जांच होनी चाहिए। यह भी आरोप है कि बच्चों से दूसरे शिक्षक के विरुद्ध आवेदन लिखवाने और बयान देने के लिए कहा गया, तथा सातवीं कक्षा की पढ़ाई में लड़कियों की अपेक्षा लडक़ों को प्राथमिकता दी गई।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि शिक्षिका ने बच्चों के वीडियो बनाए और दूसरे शिक्षक का समर्थन करने पर उन्हें व उनके परिवार को जेल भेजने की धमकी दी, साथ ही समर्थन न करने वाले बच्चों से अलग व्यवहार किया गया। मांग की गई है कि बच्चों के बयान अभिभावकों की उपस्थिति में किसी निष्पक्ष अधिकारी द्वारा दर्ज किए जाएं।
उपसरपंच, पंचायत प्रतिनिधियों और पालकों ने आरोप लगाया कि समस्या को लेकर पहुंचने पर शिक्षिका ने अभद्र व्यवहार किया, एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी और कहा कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। शिकायत में स्कूल प्रबंधन समिति को जानकारी न देने और समिति की भूमिका की जांच करने की बात भी कही गई है।
प्रमुख मांगें-27 नवंबर को दी गई शिकायत में संबंधित शिक्षिका को कुरंदी मिडिल स्कूल से तत्काल हटाने या स्थानांतरित करने तथा उनकी जगह दूसरे शिक्षक की नियुक्ति करने की मांग की गई है। इसके साथ ही पूरे मामले की जांच, बच्चों के बयान दर्ज करने, मध्यान्ह भोजन के राशन की जांच और सीएससी प्रभारी शिक्षक के विरुद्ध लगे आरोपों की अलग से जांच करने का अनुरोध किया गया है।