बस्तर
जगदलपर, 16 नवंबर। बस्तर अंचल की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को खेल गतिविधियों से जोडऩे के उद्देश्य से आयोजित बस्तर ओलंपिक 2026 की विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता का दरभा ब्लाक के ग्राम चिंगपाल के हाईस्कूल खेल मैदान में सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में आगाज हुआ और भव्य समापन विधायक किरण देव के मुख्य अतिथि में हुआ। विधायक किरण देव ने आयोजित इस प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीण खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाया। बालिका वर्ग के कबड्डी के फाइनल मुकाबले का विधायक श्री किरण देव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने खिलाडिय़ों से मुलाकात कर उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विधायक किरण देव ने कहा बस्तर ओलंपिक ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के हमारे युवाओं को अपनी खेल प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है। बस्तर ओलंपिक से स्थानीय खिलाडिय़ों को खेल में आगे बढऩे, अपनी प्रतिभा निखारने और खेल के क्षेत्र में नई पहचान बनाने का बेहतर अवसर मिल रहा है।
दरभा ब्लॉक से बस्तर ओलंपिक में 19000 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया और जोन एवं ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता प्रतिभागियों का जिले के लिए चयन हुआ।
यह आंकड़ा बताता है कि ग्रामीण अंचल में खेलों के प्रति कितनी रुचि और जागरूकता बढ़ी है।
इसके पहले शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष मानकदई कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। अतिथियों ने मां दंतेश्वरी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात अतिथियों ने बालक एवं बालिका वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रतियोगिता के लिए दरभा ब्लाक में 04 जोन बनाए गए थे। खिलाडिय़ों ने कबड्डी, खो-खो, दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, रस्साकसी, बैडमिंटन ,सहित विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया। सभी स्पर्धाओं में खिलाडिय़ों ने शानदार जोश, उत्साह और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। ग्रामीण अंचल से आए खिलाडिय़ों की प्रतिभा देखकर अतिथि भी काफी प्रभावित हुए।
बस्तर ओलंपिक के समापन कार्यक्रम में विधायक किरण देव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल स्पर्धाओं का अवलोकन कर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान विधायक किरण देव ने खिलाडिय़ों के जोश, उत्साह और खेल कौशल की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने इन क्षेत्रों से आए खिलाडिय़ों के उत्साह, लगन और खेल के प्रति समर्पण की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
अतिथियों द्वारा खिलाडिय़ों को नियमित अभ्यास करने, अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने तथा भविष्य में जिला, संभाग एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोडऩे के साथ ही बस्तर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, विद्याशरण तिवारी, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कश्यप समेत क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन व युवा उपस्थित थे।