बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पखांजूर, 13 नवंबर। ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी और छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के आह्वान पर मांगों को लेकर 12 नवंबर से देशभर में ड्राइवरों की बेमुद्दत स्टेयरिंग छोड़ो हड़ताल शुरू हो गई है । इस आंदोलन के तहत स्थानीय ट्रक चालक सेवा समिति (बांदे, कापसी, पखांजूर) के बैनर तले ड्राइवर एकजुट हुए हैं।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी तरह से शांतिपूर्ण और स्वैच्छिक है। किसी भी ड्राइवर पर आंदोलन में शामिल होने के लिए कोई दबाव नहीं बनाया जा रहा है, जो चालक स्वेच्छा से सहमत हो रहे हैं, वे ही पूरी एकजुटता के साथ इस आंदोलन में अपनी सहभागिता निभा रहे हैं।
प्रमुख मांगें- सभी वाहन चालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए ड्राइवर आयोग का गठन किया जाए। चालकों के सामाजिक और आर्थिक संरक्षण के लिए ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड का गठन कर उसका क्रियान्वयन हो। ड्राइवरों के लिए सख्त सुरक्षा कानून लागू किए जाएं तथा ड्यूटी के दौरान दुर्घटना की स्थिति में समुचित बीमा कवर व पेंशन योजना का लाभ मिले। कार्य के दौरान चालकों पर होने वाले जुल्म, अनावश्यक चालान काटने और दुर्व्यवहार की प्रवृत्ति पर तुरंत रोक लगाई जाए।