बस्तर

छठ महापर्व से पहले संवर रहा जगदलपुर का गंगा मुंडा
11-Nov-2026 10:12 PM
छठ महापर्व से पहले संवर रहा जगदलपुर का गंगा मुंडा

घाटों और परिसर में चला सघन स्वच्छता अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 11 नवम्बर। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ की तैयारियों के मद्देनजर जगदलपुर के प्रसिद्ध गंगा मुंडा तालाब परिसर में बुधवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा तथा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पूरे घाट व आसपास के क्षेत्र की मुस्तैदी से साफ-सफाई की गई। गुरुवार को भी यहां स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

छठ पर्व के दौरान गंगा मुंडा में अस्ताचलगामी और उदीयमान भगवान भास्कर को अघ्र्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए अभियान के तहत घाटों की सीढिय़ों, पूजा स्थलों और संपर्क मार्गों पर बिखरे कचरे, प्लास्टिक अपशिष्ट और जलकुंभी को हटाया गया।

स्थानीय प्रशासन, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। स्थानीय लोगों ने अभियान में बढ़-चढक़र श्रमदान किया और जलस्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। घाटों की सफाई के साथ-साथ प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी सुनिश्चित किए जा रहे हैं, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


अन्य पोस्ट