बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 10 नवंबर। शहर के पैलेस रोड स्थित मोती ज्वेलर्स में दीपावली की पूर्व संध्या पर सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा गायब होने के मामले में पुलिस की जांच जारी है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने एक स्कॉर्पियो और एक ऑटो रिक्शा भी जब्त किया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपावली की पूर्व संध्या पर पैलेस रोड के बाजार में भीड़ थी। इसी दौरान कुछ लोग ग्राहक बनकर मोती ज्वेलर्स पहुंचे। उन्होंने दुकान के कर्मचारियों से सोने के आभूषण दिखाने को कहा। इसी बीच आभूषणों से भरा एक डिब्बा गायब हो गया। दुकान की ओर से मामले की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद जांच शुरू की गई।
पुलिस ने दुकान और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के साथ संदिग्ध गतिविधियों तथा आवागमन के साधनों की जांच की। सूत्रों के मुताबिक, इसी जांच के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। एक स्कॉर्पियो और एक ऑटो रिक्शा जब्त किए जाने की भी जानकारी है।
पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार
सूत्रों के अनुसार, पुलिस मामले में हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। हालांकि, जब्त वाहनों का घटना से संबंध, हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी को लेकर पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में कितने लोग शामिल थे, कितने आभूषण गायब हुए और उनकी बरामदगी हुई है या नहीं। फिलहाल जांच के निष्कर्षों की प्रतीक्षा है।