बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 10 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ मर्यादित, रायपुर एवं क्षेत्रीय कार्यालय इफको के संयुक्त तत्वावधान में आदिवासी सदस्य सहकारी शिक्षा योजना के अंतर्गत तोकापाल विकासखंड के लैम्प्स छापर भानपुरी में सहकारी सदस्यों एवं कृषकों के लिए सहकारी शिक्षण-प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में सहकारिता के महत्व, कृषि विकास तथा किसानों की आय बढ़ाने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ के जिला सहकारी शिक्षा प्रशिक्षक विवेक पांडे ने सहकारिता के अर्थ, महत्व एवं सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने लैम्प्स के माध्यम से किसानों को उपलब्ध कराई जाने वाली वित्तीय, विपणन, प्रसंस्करण, उपभोक्ता एवं उत्पादन वृद्धि संबंधी सेवाओं की जानकारी देते हुए कहा कि ग्राम विकास और किसानों की आर्थिक समृद्धि में सहकारी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।उन्होंने कृषक सदस्यों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से फसल ऋण के अतिरिक्त गौ पालन, बकरी पालन एवं मछली पालन जैसी आजीविका गतिविधियों के लिए भी लैम्प्स से ऋण प्राप्त करने तथा आय के नए स्रोत विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इफको के क्षेत्रीय अधिकारी श्री लाल बहादुर सिंह एवं सहायक फील्ड असिस्टेंट वैभव पांडे ने इफको के उत्पादों की जानकारी देते हुए नैनो यूरिया, नैनो डीएपी एवं कंसोर्टिया जैसे जैविक उत्पादों के उपयोग, विक्रय एवं प्रयोग की विधि समझाई। उन्होंने किसानों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप जैविक एवं टिकाऊ खेती अपनाने तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप अपनी कृषि भूमि की मिट्टी को स्वस्थ एवं उपजाऊ बनाए रखने के लिए जागरूक किया।
वहीं, लैम्प्स प्रबंधक आरएन पाणिग्राही ने किसान क्रेडिट कार्ड के अंतर्गत उपलब्ध ऋण सुविधाओं एवं सहकारी संस्था की विभिन्न सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को लैम्प्स की सदस्यता ग्रहण कर सहकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।कार्यक्रम में उपस्थित छापर भानपुरी के जनपद सदस्य ने प्रशिक्षण को ग्रामीण एवं कृषक समुदाय के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से किसानों को सहकारिता, कृषि तकनीक और आर्थिक गतिविधियों की बेहतर जानकारी मिलती है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में लैम्प्स के कर्मचारियों एवं संघ के रोमांचल पाणिग्राही का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में क्षेत्र के सहकारी सदस्य एवं कृषक बंधु उपस्थित रहे।