बस्तर

लाखों का गांजा जब्त, राजस्थान के 2 बंदी
07-Nov-2026 9:41 PM
लाखों का गांजा जब्त, राजस्थान के 2 बंदी

बस का इंतजार कर रहे थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 7 नवंबर। बस्तर जिले की बोधघाट पुलिस ने जगदलपुर के नया बस स्टैंड के पीछे दबिश देकर गांजा तस्करी के आरोप में राजस्थान के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 32 किलो 813 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 16 लाख 40 हजार 650 रुपये बताई गई है। आरोपी गांजे की खेप को ट्रॉली बैग में भरकर बस से रायपुर होते हुए राजस्थान ले जाने की फिराक में थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड के पीछे दो युवक लाल और आसमानी रंग के ट्रॉली बैग लेकर संदिग्ध हालत में घूम रहे हैं। बैग में गांजा रखकर वे बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन के पर्यवेक्षण में बोधघाट थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर रवाना की गई।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्ध युवकों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान पालेन्द्र चौधरी तथा धर्मेंद्र कुमार दोनों निवासी राजस्थान के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके संयुक्त कब्जे में रखे दो ट्रॉली बैग से सात पैकेट में भरा कुल 32.813 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गांजे के परिवहन और बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने गांजा, दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन और 2,100 रुपये नकद जब्त कर लिया।

 पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर 7 नवंबर को गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया।


अन्य पोस्ट