बस्तर

बाइक चोरी का आरोपी बंदी
29-Oct-2026 9:22 PM
बाइक चोरी का आरोपी बंदी

जगदलपुर, 29 अक्टूबर। भानपुरी पुलिस ने वाहन चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, नकदी और किराना सामान सहित कुल 1,31,505 का सामान बरामद कर जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शुभम गुप्ता निवासी सिंचाई कॉलोनी, करन्दोला ने थाना भानपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 अक्टूबर की दरम्यानी रात उसकी पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी17-केआर-0143 को अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि करन्दोला छेपड़ापारा निवासी सागर कश्यप बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल चला रहा है, जिसका वाइजर टूटा हुआ है। संदेह के आधार पर पुलिस ने सागर कश्यप भानपुरी, जिला बस्तर से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने पैशन प्रो मोटरसाइकिल को सिंचाई कॉलोनी करन्दोला से चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही एक अन्य बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी17-एलई-2588 को कोंडागांव से चोरी करना भी बताया।

इसके अलावा, आरोपी ने भानपुरी में एक पान ठेला गुमटी से बिस्किट, चॉकलेट, साबुन, लाइटर और बीड़ी सहित अन्य सामान तथा गल्ले में रखी नकदी चोरी करने की बात भी स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में दोनों मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद कर जब्त किया।


अन्य पोस्ट