बस्तर

पार्षद की पहल, नए बोरिंग की खुदाई शुरू
27-Oct-2026 9:46 PM
पार्षद की पहल, नए बोरिंग की खुदाई शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 27 अक्टूबर। नगर पालिक निगम जगदलपुर के इंदिरा वार्ड क्रमांक 16 में लगभग एक माह से बनी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए नए बोरिंग की खुदाई शुरू कर दिया गया है। लंबे समय से जल संकट का सामना कर रहे वार्डवासियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद जगी है। बोरिंग खुदाई का कार्य प्रारंभ होने पर वार्ड में खुशी का माहौल देखने को मिला और वार्डवासियों ने इस पहल के लिए पार्षद सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद स्वर्गीय अब्दुल रशीद की माताजी एवं वार्ड के गणमान्य नागरिकों के करकमलों से बोरिंग खुदाई के कार्य का शुभारंभ कराया गया।

इस संबंध में वार्ड पार्षद रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि इंदिरा वार्ड में पुराना बोरिंग खराब हो जाने के कारण जलापूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई थी। इसके चलते वार्डवासियों को पिछले लगभग एक माह से पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने से लोगों में नाराजगी भी व्याप्त थी। समस्या के समाधान के लिए लगातार नगर निगम में शिकायत की जा रही थी और संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया जा रहा था।

पार्षद तिवारी ने बताया कि संकट की इस घड़ी में वार्डवासियों को राहत पहुंचाने के लिए नगर निगम के टैंकरों तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध वैकल्पिक व्यवस्थाओं के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा था, ताकि लोगों को पानी के लिए अधिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। हालांकि, स्थायी समाधान के लिए नए बोरिंग की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी दिशा में प्रयास करते हुए अंतत: वार्ड में नए बोरिंग की खुदाई के लिए मशीन पहुंचाई गई और कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

बोरिंग खुदाई कार्य के शुभारंभ अवसर पर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी,पूर्व पार्षद कनीज फातिमा सहित वार्ड के वरिष्ठ नागरिक दुबे जी, कृष्ण ठाकुर, सविता, जल प्रदाय शाखा के संदीप, महावीर, बाबू दुबे,लक्ष्मण जाघव, मुन्ना भैया, झाड़ू दादा, लक्ष्मण कश्यप एवं अन्य वार्डवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट