बस्तर

बाल देखरेख संस्थाओं का निरीक्षण, बच्चों की शिक्षा-स्वास्थ्य और पोषण पर जोर
25-Oct-2026 10:36 PM
बाल देखरेख संस्थाओं का निरीक्षण, बच्चों की शिक्षा-स्वास्थ्य और पोषण पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 25 अक्टूबर। किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 के प्रावधानों के तहत बाल कल्याण समिति, जिला बस्तर द्वारा जिले की पंजीकृत बाल देखरेख संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान शासकीय बालिका गृह, खुला आश्रय गृह (बालक), बस्तर सामाजिक जन विकास समिति, जगदलपुर तथा दिव्यांग संस्था में बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र पाणिग्राही ने बताया कि निरीक्षण के दौरान संस्थाओं में साफ-सफाई, पौष्टिक भोजन, बच्चों की नियमित पढ़ाई, स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। संस्था अधीक्षकों को बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा संस्थागत व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। शीत ऋतु की शुरुआत को देखते हुए सभी बच्चों के लिए गर्म कपड़े, कंबल और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

समिति ने बताया कि देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के हितों की रक्षा के लिए बाल देखरेख संस्थाओं का नियमित निरीक्षण किया जाता है।

 नियमानुसार आवासीय संस्थाओं का प्रत्येक माह कम से कम दो बार निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों ने संस्थाओं में संधारित विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों की जांच की और आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों ने बालक-बालिकाओं एवं कर्मचारियों से व्यक्तिगत चर्चा कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और संस्थागत व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। पूर्व निरीक्षण में पाई गई कमियों को संस्थाओं द्वारा दूर किया जाना संतोषजनक पाया गया।

निरीक्षण के बाद समिति ने संस्थाओं की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि बच्चों की देखरेख, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा के वर्तमान स्तर को बनाए रखा जाए तथा उनकी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

इस दौरान बाल कल्याण समिति की सदस्य श्रीमती वर्षा श्रीवास्तव, सदस्य रामकृष्ण ठाकुर सहित संबंधित संस्थाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट