बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 13 अक्टूबर। इंद्रावती नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए सरकार, प्रशासन एवं स्थानीय समुदायों के समन्वय से प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। साथ ही महादेव बैराज का निर्माण भी जल्द कराया जाएगा। यह बात इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी ने नगर निगम जगदलपुर में अपने प्रथम आगमन पर आयोजित स्वागत समारोह में कही।
नगर निगम परिसर में महापौर संजय पाण्डेय, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, एमआईसी सदस्यों, पार्षदों एवं एल्डरमैन ने पुष्पगुच्छ भेंटकर शरद अवस्थी का आत्मीय अभिनंदन किया।
इस अवसर पर अवस्थी ने कहा कि इंद्रावती नदी बस्तर की जीवनरेखा है। इसके संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने नगर निगम के जनप्रतिनिधियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने पार्षदों से नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
शहर के विकास को मिलेगी नई दिशा- महापौर
महापौर संजय पाण्डेय ने शरद अवस्थी के अनुभव और मार्गदर्शन को जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन से शहर के विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी। निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।
इस दौरान योगेंद्र पाण्डेय, आर्यन सिंह आर्य एवं सुरेश गुप्ता ने अवस्थी के साथ कार्य करने के पुराने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने किया तथा लक्ष्मण झा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर निगम के विभिन्न एमआईसी सदस्य, पार्षद, एल्डरमैन एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।